CATEGORIES

May 2024
MTWTFSS
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031 
May 7, 2024

क्या भारत फिर लॉक डाउन की ओर!

24 Mar. Vadodara: कई महीनों तक लॉकडाउन में रहने के बाद अब फिर एक बार देश के कई हिस्सों में आंशिक या टोटल लॉकडाउन लागू करने की नौबत आ गई है।महाराष्ट्र के बीड़ और नांदेड़ में सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए टोटल लॉकडाउन लगा दिया है। यह लॉकडाउन 26 मार्च से 4 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस दौरान शहर में मैरिज हॉल, होटल और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे। साथ ही कॉलेज और स्कूल भी नहीं खोले जाएंगे। इसके अलावा सभी प्राइवेट ऑफिस भी बंद रखने और वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए गए हैं।

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 47,239 नए मरीज मिले, 23,913 ठीक हुए और 277 की मौत हो गई। सोमवार को मिले नए मरीजों में 80.90% केस अकेले महाराष्ट्र (28,699), पंजाब (2,254), कर्नाटक (2010), गुजरात (1730), छत्तीसगढ़ (1910) और तमिलनाडु (1437) में आए हैं। वहीं, 24 घंटे में हुई मौत में अकेले महाराष्ट्र का आंकड़ा 48% है। महाराष्ट्र (132), पंजाब (53), कर्नाटक (5), गुजरात (4), छत्तीसगढ़(20), तमिलनाडु (9) में मौत हुई हैं।

इसके अलावा मार्च की शुरूआत से ही 10 राज्यों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इनमें महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और राजस्थान शामिल हैं। यह लगातार पांचवां दिन था, जब नए केस 40 हजार से ज्यादा रहे। मौत का आंकड़ा भी इस साल सबसे ज्यादा है। इस बीच केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है। ऐसे में लोगों के मन में फिर एक बार लॉकडाउन किए जाने की आशंका प्रबल होती जा रही है वैसे सरकार पहले ही यह साफ कर चुकी है कि पूरे देश में लॉकडाउन लगाना अब संभव नहीं है,लेकिन जहां जहां ज्यादा मामले दर्ज किए जाएंगे उन शहरों को बंद करने सरकार अवश्य विचार करेगी।

रोज सबसे ज्यादा केस वाले 11 राज्यों का हाल

1. महाराष्ट्र: 24 घंटे में नए केस में उछाल

यहां मंगलवार को 28,699 नए मरीज मिले। 13,165 ठीक हुए, जबकि 132 की मौत हुई। राज्य में अब तक 25.33 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 22.47 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 53,589 की मौत हुई है। यहां सोमवार की तुलना में फिर एक बार केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को 24,645 केस आए थे।

2. पंजाब: 81% मरीजों में ब्रिटेन वाला वैरिएंट मिला

यहां मंगलवार को 2,254 नए मरीज मिले। 1,426 ठीक हुए, जबकि 53 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.17 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.9 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,435 की मौत हुई है। यहां ब्रिटेन वाले कोरोना वैरिएंट के तेजी से फैलने की खबर है। जीनाेम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए 401 सैम्पलों में 81% में ब्रिटेन में पाए गए कोरोना वैरिएंट की पुष्टि हुई है।

3. कर्नाटक: नए संक्रमितों में 24 घंटे में ही 500 से ज्यादा का उछाल

यहां मंगलवार को 2,010 नए मरीज मिले। 677 संक्रमित ठीक हुए, जबकि 5 की मौत हुई। राज्य में अब तक 9.73 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9.45 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 12,449 की मौत हुई है। राज्य में सोमवार की तुलना में केस में उछाल आया है। सोमवार को 1,445 केस आए थे, जो मंगलवार को बढ़कर 2,010 हो गए।

4. केरल: एक महीने में आधे हुए एक्टिव केस

यहां मंगलवार को 1,985 नए मरीज मिले। 2,172 ठीक हुए, जबकि 10 की मौत हुई। राज्य में अब तक 11 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 10.7 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,518 की मौत हुई है। चौथे दिन फिर बढ़ा संक्रमितों का आंकड़ा। यहां सोमवार को 1,238 केस आए थे, जो मंगलवार को बढ़कर 1,985 हो गए। यहां एक्टिव केस में तेजी से गिरावट आई है। 23 फरवरी को यहां 54,661 मरीजों का इलाज चल रहा था। यह संख्या घटकर 23,880 हो गई है।

5. छत्तीसगढ़: 8 दिन में 6,393 एक्टिव केस बढ़े

यहां मंगलवार को 1,910 नए मरीज मिले। 604 ठीक हुए, जबकि 20 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.27 लाख लोग इस महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3.13 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,982 की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में बीते आठ दिन में 6,393 की बढ़ोतरी हुई है। यहां 14 मार्च को 4098 एक्टिव केस थे जो 23 मार्च को बढ़कर 10,491 हो गए।

6. गुजरात: लगातार 22वें दिन बढ़े केस

यहां मंगलवार को 1,730 नए कोरोना मरीज मिले। 1,255 मरीज ठीक हुए, जबकि 4 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.9 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.77 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,458 मरीजों की मौत हुई है। यहां 28 फरवरी को 407 केस आए थे तब से इनमें हर दिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

7. मध्यप्रदेश: 50% केस सिर्फ इंदौर और भोपाल में ही

यहां मंगलवार को 1,502 नए मरीज मिले। 798 ठीक हुए, जबकि 4 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.78 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.65 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,912 की मौत हुई है। राज्य में इंदौर में 387, जबकि भोपाल में 362 नए मरीज मिले।

8. तमिलनाडु: 25% आबादी की टेस्टिंग हुई

यहां मंगलवार को 1,437 नए मरीज मिले। 902 ठीक हुए, जबकि 9 की मौत हुई। राज्य में अब तक 8.69 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 8.48 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 12,618 की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु की आबादी 7 करोड़ 60 लाख है, इनमें से अब तक 1 करोड़ 90 लाख टेस्टिंग हो चुकी है।

9. दिल्ली: 23 दिन में नए केस में 1,000 का उछाल

यहां मंगलार को 1,101 नए केस आए। 620 मरीज ठीक हुए और 4 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.49 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.34 लाख ठीक हुए हैं और 10,967 ने जान गंवाई है। अभी 4,411 का इलाज चल रहा है। यहां 1 मार्च को 175 केस आए थे, यानी 23 दिन में ही यहां 1,000 से ज्यादा का उछाल आया है।

10. हरियाणा: एक महीने में 5,000 से ज्यादा एक्टिव केस बढ़े

यहां मंगलवार को 895 नए मरीज मिले, 441 ठीक हुए और 3 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.81 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.72 लाख ठीक हो चुके हैं और 3,104 की मौत हो चुकी है। राज्य में अभी 6,146 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां 19 फरवरी को एक्टिव केस घटकर 819 हो गए थे। यानी बीते करीब एक महीने में इनमें 5,000 से ज्यादा का उछाल आया है।

11. राजस्थान: एक महीने में 76 से 400 के पार हुए नए केस

यहां मंगलवार को 480 संक्रमितों की पहचान हुई। 220 मरीज ठीक हुए और 4 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.26 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.19 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,807 ने जान गंवाई है। यहां 23 फरवरी को 76 केस आए थे जो 23 मार्च को बढ़कर 480 के करीब पहुंच गए हैं। यानी इनमें 400 से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।