CATEGORIES

May 2024
MTWTFSS
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031 
May 12, 2024

नहीं रहे बॉलीवुड के जाने माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई, अपने ही स्टूडियो में की खुदकुशी

बॉलीवुड के जाने माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने बुधवार की सुबह अपने एनडी स्टूडियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उनकी उम्र 58 साल थी। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद सिनेमा जगत में सन्नाटा पसर गया है।

पुलिस ने फिलहाल उनकी मौत के कारण के बारे ज्यादा जानकारी नहीं दी है। प्राथमिक जांच के अनुसार उनकी मौत का कारण आर्थिक तंगी बताया जा रहा है।

नितिन देसाई 20 साल से भी ज्यादा वक्त से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव थे। वे हम दिल दे चुके सनम, लगान, देवदास, जोधा अकबर और प्रेम रतन धन पायो जैसी फिल्मों के सेट डिजाइन कर चुके हैं। इतना ही नहीं उन्हें चार बार बेस्ट आर्ट डायरेक्शन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने आखिरी बार पानीपत फिल्म के लिए सेट डिजाइन किया था।

बताया जा रहा है कि नितिन देसाई को रायगढ़ स्थित उनके स्टूडियों में मृत पाया गया। करजात में एनडी स्टूडियोज नाम से उनका स्टूडियो है। यह मुंबई से 50 किलोमीटर दूर स्थित है। उन्हें आज सुबह स्टूडियो में लटका पाया गया। जब पुलिस को इस बारे में सूचना मिली तो वह स्टूडियो पहुंची। फिलहाल अधिकारियों की टीम मौत की जांच कर रही है।