CATEGORIES

May 2024
MTWTFSS
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031 
May 17, 2024

Year END: 2023 की वो बड़ी घटनाएं जिसने उड़ाए लोगों के होश

परिवर्तन प्रकृति का नियम है और जैसे-जैसे हर पल पदल रहा है प्रकृति भी वैसे ही बदल रही है। हालांकि कभी-कभी इस बदलाव की रफ्तार इतनी तेज होती है और बहुत से मोर्चे पर एक साथ घट रही होती है कि वक्त का पता नहीं चलता। 2023 खत्म हो गया है। 2024 की शुरुआत हो चुकी है। पूरा देश नया साल मना रहा है सब यहीं कह रहे हैं कि कैसे एक साल खत्म हो गया पता नहीं नहीं चला लेकिन क्या सच में 2023 इतने जल्दी खत्म हो गया! साल 2023 देश के लिए बहुत ही ऐतिहासिक रहा। इस साल भारत ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। चंद्रयान 3 से लेकर उत्तराखंड के सिल्क्यारा सुरंग में फंसे लोगों के रेसक्यू तक विश्व स्तर पर भारत ने कई उपलब्धियां हासिल की। साल भर में देश के सामने कई मुश्किलें भी आई है। इस स्टोरी में हम साल भर भारत में होने वाली विभन्न घटनाओं के बारे में नजर डालेंगे।

जनवरी

साल की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं हुई जितना उम्मीद किया था। भारत की कई प्रतिष्ठित महिला पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ रोश जताया था। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाए गए थे। पूरे महीने मीडिया में इस खबर की चर्चाएं तेज रही।

फरवरी

फरवरी में इतिहास रच देने वाला कार्य हमारी भारतीय टीम ने आईसीसी के टेस्ट टीम रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर किया। क्रिकेट प्रेमियों के लिए ये दिन यादगार रहा। भारतीय टीम क्रिकेट के तीनों प्रारुपों में नंबर वन बन गई।

मार्च

मार्च के महीने में राजनीतिक गलियारों में हल-चल तेज रही। पूर्वोत्तर राज्य के चुनाव और राहुल गांधी के लोकसभा से अयोग्य घोषित होने की खबरों ने काफी चर्चाएं बटोरी। मार्च के महीने में कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा था। दरअसल राहुल गांधी को सूरत अदालत की ओर से मानहानि मामले में दोषी करार देते हुए लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

अप्रैल

अप्रैल के महीने में भारत ने एक बार फिर ऐसा इतिहास रच दिया जिसकी उम्मीद नहीं थी। भारत ने जनसंख्या की दृष्टि से चीन को पीछे करते हुए दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाले देश की लिस्ट में पहला स्थान बना लिया। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के मुताबिक भारत की जनसंख्या अगले तीन दशकों तक बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि अब इन आंकड़ों में गिरावट देखी जा रही है।

अप्रैल में ही एक ऐसी घटना सामने आई थी जिसने सभी को हिलाकर रख दिया। दरअसल अप्रैल के मध्य में जाने माने गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की मीडिया से रुबरू होने के दौरान सरेआम गोलीमार कर हत्या कर दी गई थी। हालांकि इसके आरोपियों को भी मौके से धरदबोचा था।

इतना ही नहीं अप्रैल में ही कट्टरपंथी खालिस्तानी समर्थक वारिस पंजाब डे के प्रमुख अमृतपाल को भी लगातार जांच करने के बाद सराखों के पीछे भेज दिया गया।

मई

मई का महीना देश के लिए काफी चुनौती भरा रहा। इसकी शुरुआत ही ऐसी झड़प के साथ हुए जिसे सुलझाने के लिए हर ओर से प्रयास किया गया। मणिपुर हिंसा एक ऐसा संवेदनशील मामला बन गया जिसका असर की महीनों तक चला। मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदाय के बीच भारी झड़प हुई थी। आगजनी, अपहरण और हत्यारों से पूरा मणिपुर धधक उठा था। राजनीतिक गलियारों में पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे थे। हालांकि आज भी इस मामले को लेकर राजनीतिक गरमाती रहती है।

मई महीने की शुरुआत जितनी बदतर थी उसका अंत उतना ही खास हुआ। 28 मई को ही भारत को उसका नया और आधुनिक संसद भवन लोकतंत्र का मंदिर मिला। इसका उद्धाटन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। इसे 971 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया।

जून

2023 में कई ऐतिहासिक घटनाएं भी हुई हैं जो दिल दहला देने वाली थी। ये घटनाएं इतनी दर्दनाक थी कि इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। दरअसल 2 जून को ओडिशा में चेन्नई की ओर जाने वाली कोरोमंडल एक्सप्रेस और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी की भीषण टक्कर हो गई थी। इस हादसे में लगभग 300 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी और 850 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

जुलाई

2023 की जुलाई में तीन बड़ी घटनाएं चर्चा में आई। पहला तो मणिपुर में हुई हिंसा के चलते इंटरनेट बैन करने के बाद जुलाई में दोबारा शुरु किया गया था तब बेहद शर्मशार कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो गया था। इस वीडियो में दो महिलाओं को बिना कपड़ो में कई पुरुष लेकर घूम रहे थे और इनका वीडियो शूट कर रहे थे। इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रखा दिया था।

ये तो हुई हिंसा की बात लेकिन, इस महीने में प्रकृति ने भी अपना प्रकोप खूब दिखाया जिससे पूरा हिमाचल प्रदेश तहस नहस हो गया। जुलाई में हिमाचल प्रदेश को भूस्खलन और बाढ़ प्रकोप झेलना पड़ा। इस प्राकृतिक आपदा ने पूरी वादियों की खूबसूरती खत्म कर दी। इसमें राज्य को 12 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान भुगतना पड़ा।

इतनी उथल-पुथल के बाद जुलाई में ऐसा ऐतिहासिक कदम बढ़ाया गया जिसने पूरी दुनिया में भारत को एक अलग स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया। इसरो ने 14 जुलाई 2023 को श्री हरिकोटा के सतीश धवन स्पेसे सेंटर से चंद्रयान 3 को लॉन्च किया।

अगस्त

अगस्त का महीना भारत के लिए ऐतिहास के सुनहरे खक्षरों में लिखा गया। 23 अगस्त को भारत ने मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर सही सलामत सॉफ्ट लैंडिग कर इतिहास रच दिया। चांद की दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला इकलौता देश बन गया। इस उपलब्धि के कारण पूरी दुनिया में भारत का डंका बज ऊठा। हर किसी ने भारत की इस उपलब्धि की तारीफें की।

सितंबर

अगस्त के बाद सितंबर महीने में कुछ ऐसा हुआ जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। इसी महीने नई दिल्ली में जी 20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें कई शक्तिशाली वैश्विक नेताओं ने शिरकत ली। इस पूरे सम्मेलन की सफलता के बाद पूरे विश्व में भारत ने खूब सुर्खियां बटोरी।

अक्टूबर

जी-20 की उपलब्धता के बाद भारत में पी-20 समिट (P-20 summit) का उद्घाटन 13 अक्टूबर को पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत की संसद द्वारा भारत की जी-20 अध्यक्षता की व्यापक संरचना के तहत ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के लिए संसद‘ की थीम के साथ की गई।

खेल जगत के लिए भी 2023 सुनहरा परिवर्तन लेकर आया। अक्टूबर में चीन में आयोजित एशियन गेम्स में भारत ने 100 मेडल के आंकड़ा छूकर इतिहास रच दिया।

ये महीना खेल प्रेमियों के लिए जितना अच्छा रहा उतना ही खराब LGBT समुदाय के लिए रहा। समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता की मांग से संबंधित तमाम याचिकाओं पर 17 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट का फैसला सुनाया गया। जिसमें देश की शीर्ष अदालत ने इसे कानूनी मान्यता देने से इनकार कर दिया, लेकिन इस फैसले को पूरे देश ने शांति पूर्वक अपना लिया।

नवंबर

नवंबर महीना देश के लिए काफी बेचैन कर देने वाला रहा। दरअसल जब पूरा देश दिवाली की धूम मचा रहा था वहीं उत्तराखंड में एक ऐसा हादसा हो गया जिसमें 41 जानें फंस गई। उत्तराखंड में सिल्क्यारा सुरंग ढह जाने से 41 मजदूर फंस गए थे। लेकिन, कड़ी महनत के बाद 17 दिन के बाद इन मजदूरों को सही सलामत बाहर निकाला गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने इन मजदूरों का स्वागत किया था।

इस साल सबसे बड़ी घटना वर्ल्ड कप सीरीज रही जिसने कोरोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल तोड़ दिया। वर्ल्ड कप सीरीज में 19 नवंबर रविवार के दिन भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला जिसमें भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद करोड़ों लोगों का ठेस पहुंची थी। ये मैच भारत के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था।

नवंबर में ही देश में पांच राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किए गए थे।

दिसंबर

दिसंबर इस साल के लिए काफी महत्वपूर्ण रहा। दिसंबर के शुरुआत में यानी 3 दिसंबर को पांच राज्यों में हुए चुनाव के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें तीन राज्यों में भाजपा ने बहुमत हासिल की। वहीं तेलंगाना में कांग्रेस और मिजोरम में जेडपीएम पार्टी ने जीत हासिल की।

11 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू कश्मीर से Article 370 को निरस्त किए जाने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ लगाई गई याचिकाओं पर सुनवाई की थी। जिसमें कोर्ट ने कहा कि Article 370 एक अस्थायी व्यवस्था थी, जिसे हटाए जाने का फैसला पूरी तरह संवैधानिक है।

दिसंबर के मध्य में 13 दिसंबर को लोकतंत्र के मंदिर में नई संसद की सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक हो गई। जिसने वो इतिहास फिर दोहराया दिया जिसकी कभी कल्पना भी नहीं की गई होगी। दरअसल लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान दो युवक संसद की कार्यवाही के दौरान अंदर कूंद गए और हंगामा मचाने लगे। इतना ही नहीं इन युवकों ने संसद में पीले रंग की गैस भी छोड़ी जिससे सांसदों के बीच अफरा-तफरी मच गई । थोड़ी देर बाद इन्हें काबू कर लिया गया जिसके बाद आरोपी सत्ता विरोधी नारे लगाने लगे। फिलहाल इस मामले में सारे आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल बारिकी से इस केस की जांच में जुटी हुई हैं।

इन बड़ी घटनाओं के बाद पूरे देश की नजर अब 2024 पर टिकी हुई हैं। पूरे देश के लोगों को उम्मीद है कि नया साल उनके लिए नई आशा की किरण लेकर आएगा।