CATEGORIES

May 2025
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Thursday, May 1   8:00:44

फरवरी में गर्मी ने तोड़ा 125 साल का रिकॉर्ड, अगले तीन महीनों तक लू का अलर्ट

हालही में मौसम को लेकर अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिल रहा है। सर्दी के मौसम में भी देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में वृद्धि देखी गई। फरवरी महीने में पड़ी गर्मी ने पिछले 125 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी। वर्ष 1901 में जब से मौसम का रिकॉर्ड रखना शुरू हुआ था, तब से लेकर 2025 की फरवरी अब तक की सबसे गर्म फरवरी रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, मार्च से मई के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है। इस दौरान लू चलने की भी आशंका जताई गई है। जनवरी 2025 का महीना भी 1901 के बाद तीसरा सबसे गर्म महीना दर्ज किया गया। इससे पहले, 2024 को सबसे गर्म वर्ष घोषित किया गया था। सर्दी के मौसम में गर्मी और मार्च में सामान्य से अधिक तापमान की संभावना किसानों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है। इसका प्रभाव गेहूं और सरसों की फसल पर पड़ सकता है, जिससे उपज को नुकसान हो सकता है।

पिछले आठ महीनों में पांच बार रिकॉर्ड स्तर पर तापमान

देश में इस समय जो गर्मी की स्थिति बनी हुई है, वैसी पहले कभी नहीं देखी गई थी। फरवरी में इतनी ज्यादा गर्मी पहले कभी नहीं पड़ी थी। पिछले आठ महीनों में से पांच महीनों में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड स्तर पर रहा। जिन राज्यों में फसल की बुवाई देर से हुई थी, वहां अधिक तापमान के कारण उत्पादन में गिरावट देखी जा रही है।

IMD ने इन राज्यों में दी चेतावनी

गर्मी को लेकर IMD ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च से मई के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तर कर्नाटक में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है। मार्च महीने में, दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। हालांकि, दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है।