CATEGORIES

May 2024
MTWTFSS
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031 
May 17, 2024

अमरनाथ की वादियों में फिर गूंज उठा ‘बम बम भोले’

30-06-22

आज से अमरनाथ यात्रा शुरू हो गई है। बम-बम भोले के जयकारे के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकला है। पहले जत्थे में 4890 श्रद्धालु हैं। भोले के भक्तों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इनके हाथों में डमरू और त्रिशूल है। हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया है।

श्रद्दालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। लंगर समितियां सबसे व्यस्त हैं। उनके वर्कर्स बर्फीले पानी में सब्जियां साफ कर रहे हैं और दूसरी तरफ रसोइया इसे तैयार कर श्रद्धालुओं को परोस रहे हैं।
ये सभी लंगर हर रोज एक लाख लोगों का भोजन बनाएंगे। श्रद्धालुओं, सुरक्षाबलों के जवानों के साथ प्रशासन के कर्मचारी भी इन लंगरों में भोजन करते हैं। इस तरह यह यात्रा मार्ग देश के सबसे बड़े सामूहिक किचन में तब्दील हो जाता है। 24 घंटे चूल्हा चालू रखने के लिए बड़े पैमाने पर राशन और एलपीजी सिलेंडर बेस कैंप पर स्टोर कर लिए गए हैं।

कुछ लंगर समितियां इस बार तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोरिक्शा भी साथ लाई हैं। पर्यावरण की दृष्टि से इस संवेदनशील क्षेत्र काे बचाना श्राइन बोर्ड के लिए बड़ी चुनौती है। बालटाल बेस कैप के निदेशक एनएस जामवाल बताते हैं कि तीन शिफ्ट में सफाई कर्मचारी यात्रा मार्ग पर काम करते रहेंगे। मार्ग पर 21 स्थिर और 700 मोबाइल शौचालय बनाए गए हैं। बालटाल और डोमेल के बीच 200 डस्टबिन रखी गई हैं। ठोस और गीले कचरे का निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए 350 कर्मचारियों को तैनात किया गया है।