CATEGORIES

May 2024
MTWTFSS
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031 
May 19, 2024

नूपुर शर्मा के खिलाफ 12 राज्यों में प्रदर्शन:हावड़ा में उपद्रवियों ने थाना फूंका, भाजपा दफ्तर तबाह कर डाला; इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू

11-06-22

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा से निष्कासित नेता नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देश के 12 राज्यों में प्रदर्शन हुए। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, बंगाल और गुजरात के कई शहरों में जुमे की नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की।

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। प्रयागराज में प्रदर्शनकारियों ने PAC का ट्रक तक फूंक डाला। कर्नाटक में नूपुर का पुतला लटका दिया। झारखंड की राजधानी रांची में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इधर, पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्टेशन के पास लोगों ने पटरी पर आगजनी की और पुलिस का वाहन फूंक दिया।

बवालियों ने हावड़ा डोमजूर थाने पर पहले पथराव किया फिर उसे फूंक दिया। बवाली यहीं नहीं रुके, उलुबेरिया में भाजपा के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई। हावड़ा में इंटरनेट सर्विस रोक दी गई है। प्रशासन ने अगले तीन दिनों के लिए उलूबेरिया, पांचला और डोमजूर समेत कई इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है।

एक दिन पहले ही नूपुर सहित 33 लोगों के खिलाफ हेट स्पीच देने का मामला दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई में भी उनके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने ही उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की है, क्योंकि उन्हें जान से मारने और रेप की धमकियां मिल रही थीं।