CATEGORIES

May 2024
MTWTFSS
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031 
May 4, 2024

मुंबई के गोरेगांव की सात मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, अब तक 7 लोगों की मौत

मुंबई के गोरेगांव में बीती रात बड़ी दुर्घटना घट गई। यहां एक बिल्डिंग में भयंकर आग लगने की वजह से अफरा-तफरी फैल गई। इसके साथ ही आग की चपेट में आने से अब तक सात लोगों की मौत की खबर सामने आई है। ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इस घटना में लगभग 51 लोग घायल बताए जा रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस हादसे पर जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुंबई के गोरेगांव में एक बिल्डिंग में आग लगने की घटना में कुल 51 लोग घायल हुए है। अब तक 7 लोगों की मौत की खबर है। जबकि 5 लोगों की हालत गंभीर है, 35 लोगों का इलाज चल रहा है और 4 घायलों को छुट्टी दे दी गई है। BMC ने आग लगने की घटना में मृतकों और घायलों की सूची जारी की है। घटना में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “मैं नगर निगम आयुक्त और पुलिस से लगातार बात कर रहा हूं… जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, सरकार उनके परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी… जो लोग घायल हैं उनका इलाज सरकार की ओर से कराया जाएगा…”

मुंबई के गोरेगांव में लगी आग पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है… इसकी उच्चस्तरीय जांच के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा जो 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। इस हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा… घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज कराया जाएगा।”

इस घटना की जानकारी देते हुए BMC कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कहा, “हमारे पास मौजूद जानकारी के मुताबिक आग कल रात 3 बजे लगी। तड़के 3.10 बजे दमकल की गाड़ियां वहां पहुंचीं, आग सबसे पहले इमारत की दो मंजिलों पर फैली थी। लोगों की मृत्यु जलने से नहीं दम घुटने से हुई क्योंकि वहां घना धुआं फैला हुआ था… इस अस्पताल में 28 लोगों को लाया गया है और इनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है… इन सभी को मुफ्त इलाज दिया जाएगा। अगर कोई दवा बाहर से लानी पड़ी तो उसका खर्च भी हम उठाएंगे। हम मृतकों के परिजनों का पता लगाएंगे और उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।”