आगरा के शिल्प, कला और संस्कृति के साथ देश भर के व्यंजनों को प्रदर्शित करते ताज महोतसव की शुरुआत आज से यानी 17 फरवरी 2024 से हो रही है। आज से ताजमहोत्सव में संस्कृति के रंग बिखरेंगे। 27 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन रविवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे।
आपको बता दें कि इस बार का थीम “विकसित भारत के संकल्प के संग, ताज महोत्सव के रंग” है। इस थीम पर आयोजित ताजमहोत्सव में पंजाब, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, आंध्रप्रदेश से शिल्पी आने लगे हैं। महोत्सव में शिल्पग्राम, सूरसदन, सदर बाजार, सूर सरोवर पक्षी विहार, अटल उद्यान, ताज व्यू पॉइंट, और यमुना आरती स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बालीवुड नाइट, कॉमेडी, भजन, गज़ल, कवि सम्मेलन, मुशायरा, नाट्य महोत्सव, हॉट एयर बैलून राइड, काइट फेस्टिवल, बर्ड वाचिंग, ताज कार रैली, बाइक रैली जैसे आकर्षण भी देखने को मिलेंगे।
पहले दिन का शेड्यूल
पहले दिन यानी आज शनिवार की शाम को, शिल्पग्राम में ब्रज की होली और सिद्धार्थ मोहन की भजन की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का आगाज होगा। सूरसदन में शाम 6 बजे मीरा नृत्य नाटिका डिप्पी मिश्रा-हर्षिता मिश्रा प्रस्तुत करेंगी। शिल्पग्राम के मंच पर शाम 6:50 बजे ब्रज की होली, रात 8 बजे सिद्धार्थ मोहन की बांसुरी वादन कार्यक्रम होगा।
फिर रात 8:30 बजे से मुशायरा होगा, जिसमें वसीम वरेलवी, ताहिर फराज, आदि जैसे प्रख्यात शायर अपनी शायरियों और ग़ज़लों की प्रस्तुति करेंगे। बता दें कि इस मुशायरे में प्रवेश बिलकुल निशुल्क है।
शाम 5 से 7:30 बजे तक यमुना महाआरती यमुना नदी के किनारे एतमादुद्दौला व्यू पॉइंट पर आयोजित की जाएगी। इसमें हवन और हनुमान चालीसा के साथ गोपाल गोविंद भजन होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम सभी स्थलों पर शाम 5:30 से रात 10 बजे तक चलेंगे। लोकल कलाकारों की प्रस्तुतियां शिल्पग्राम में सुबह 10 बजे से शुरू होंगी। शिल्पग्राम में जावेद अली, मधुश्री भट्टाचार्य, अंकित तिवारी, सलमान अली, ओसमान मीर का सूफी गायन, जस्सी, मोनाली ठाकुर, निजामी बंधु और तुलसी कुमार की आवाज का जादू भी सबको मंत्रमुग्ध कर देगा। सूरसदन में चाणक्य, दशावतार, बुरे फंसे गुलफाम, जीना इसी का नाम है जैसे मशहूर नाटकों का भी प्रदर्शन होगा।
होटल डबल ट्री बाई हिल्टन में ‘आगरा बियांड ताज’ सेमिनार होगी, जिसमें आगरा के शिव मंदिर व बटेश्वर मंदिर शृंखला पर चर्चा होगी। ताजमहल के पश्चिमी गेट से पूर्वी गेट होते हुए अहमद शाह बुखारी दरगाह तक हेरिटेज वॉक होगी।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “ताजमहोत्सव में पर्यटकों को भारत की विविध कला, संस्कृति और शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण संबंधी विभिन्न गतिविधियों का बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।”
रितु माहेश्वरी मंडलायुक्त अध्यक्ष ताजमहोत्सव आयोजन समिति ने कहा कि ताजमहोत्सव को भव्य बनाने के प्रयास किए गए हैं।स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटक को ताजमहोत्सव में परिवार के साथ संस्कृति और शिल्प की झलक देखने को मिलेगी।
More Stories
छत्तीसगढ़ में भीषण हादसा, पिकअप वैन पलटने से 18 की मौत
लोकसभा चुनाव के बीच अहमदाबाद एयरपोर्ट से ISIS के 4 आतंकी अरेस्ट
Lok Sabha Election 2024: 6वें चरण के मैदान में उतरेंगे 8 राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों के 889 उम्मीदवार