CATEGORIES

April 2025
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Friday, April 11   10:13:16
news brief

News Brief : इन 8 राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट, पुरी में जगन्नाथ चंदन यात्रा के दौरान विस्फोट

News Brief : देखें आज की बड़ी खबरें – 

8 राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट

आज नौतपा का छठा दिन है। नौतपा के पांचवें दिन हरियाणा के रोहतक में सबसे ज्यादा 48.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बुधवार को मौसम विभाग ने जानकारी दी थी कि दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 52.3 डिग्री पहुंच गया है।
लेकिन, रात को IMD ने बताया कि दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर तापमान 45.2 डिग्री से 49.1 डिग्री के बीच रहा। 52.3 डिग्री का डेटा गलत था। दिल्ली में हीटवेव के बीच शाम को बारिश भी गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड, ओडिशा में हीटवेव का रेड अलर्ट है। वहीं, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है।
मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को बताया था कि मानसून अगले 24 घंटे में यानी गुरुवार शाम तक केरल तट से टकरा सकता है। आमतौर पर मानसून केरल में 1 जून को प्रवेश करता है। इसके कुछ दिनों बाद उत्तर-पूर्व में आता है और 5 जून तक देश के अधिकांश हिस्से को कवर कर लेता है।
मानसून के जल्दी आने का कारण 26 मई को बंगाल में आया रेमल साइक्लोन का बताया जा रहा है, जो पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में आया था। इससे पहले 30 मई, 2017 को साइक्लोन मोरा के कारण मानसून समय से पहले आया था।

बंगाल में CAA से भारतीय नागरिकता देना शुरू

केंद्र सरकार ने बुधवार को पश्चिम बंगाल, हरियाणा और उत्तराखंड में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत नागरिकता देना शुरू कर दिया। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि तीनों राज्यों के आवेदकों को संबंधित राज्य की अधिकार प्राप्त समिति द्वारा नागरिकता प्रदान की गई। हालांकि, कुल कितने लोगों को नागरिकता दी गई है, अभी तक इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।इससे पहले 15 मई को CAA के तहत पहली बार 14 लोगों को भारत की नागरिकता दी गई थी। केंद्र सरकार ने 11 मार्च 2024 को CAA देशभर में लागू किया था। CAA के तहत 31 दिसंबर 2014 से पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश अफगानिस्तान से आए गैर- मुस्लिम शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है।
दरअसल, 10 दिसंबर 2019 को सिटिजनशिप अमेंडमेंट बिल (CAB) लोकसभा से और अगले दिन राज्यसभा से पारित हुआ था। 12 दिसंबर 2019 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मंजूरी मिलने के बाद CAA कानून बन गया था।
ममता बनर्जी समेत देश के कई विपक्षी नेता लगातार CAA का विरोध कर रहे हैं। अप्रैल में ममता ने CAA को मानवता का अपमान और राष्ट्र के मूलभूत सिद्धांतों के लिए खतरा बताया था। उनका कहना था कि वह बंगाल में कभी भी CAA लागू होने नहीं देंगी।

शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट

शेयर बाजार में आज यानी 30 मई को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 200 अंक से ज्यादा फिसलकर 74,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 50 अंक से ज्यादा की गिरावट है। ये 22,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।ये लगातार चौथा दिन है जब शेयर बाजार में गिरावट है। आज मेटल और एनर्जी शेयर्स में ज्यादा गिरावट है। टाटा स्टील के शेयर में 2% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है।

अनंत राधिका की प्री वेडिंग के लिए रवाना हुए सेलिब्रिटीज

मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की सेकेंड प्री-वेडिंग सेरेमनी बुधवार से शुरू हो चुकी है। आज यानी गुरुवार की सुबह शाहरुख खान परिवार सहित इटली के लिए रवाना हुए। उन्हें टाइट सिक्योरिटी के साथ तकरीबन तीन बजे के आस-पास मुंबई के प्राइवेट एयरपोर्ट पर देखा गया। उनके साथ बेटे आर्यन और बेटी सुहाना नजर आए।इसी बीच बुधवार को अनन्या पांडे, सारा अली खान, करण जौहर, इब्राहिम अली खान, करीना कपूर, करिश्मा कपूर, दिशा पाटनी, मनीष मल्होत्रा और सचिन तेंदुलकर समेत कई सेलेब्स इस प्री-वेडिंग में शामिल होने पहुंच चुके हैं। पालेर्माे एयरपोर्ट पहुंचकर सभी वहां से लिमोजीन के जरिए क्रूज तक पहुंचे।

इलॉन मस्क फिर बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

स्पेसएक्स और टेस्ला के मालिक इलॉन मस्क एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी बन गए हैं। वे फ्रांसीसी अरबपति और लुई वितॉ मोएट हेनेसी (LVMH) के CEO बर्नार्ड अरनॉल्ट और अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस को पीछे छोड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।मस्क की नेटवर्थ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप x.AI के कारण बढ़ी है, जिसने $18 बिलियन (1.50 लाख करोड़ रुपए) के प्री-मनी वैल्यूएशन पर $6 बिलियन (50 हजार करोड़ रुपए) जुटाए हैं। इलॉन मस्क ने 9 मार्च 2023 को इस AI कंपनी को बनाया था।

पुरी में जगन्नाथ चंदन यात्रा के दौरान पटाखों में विस्फोट

ओडिशा के पुरी में बुधवार (29 मई) रात भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट होने से 15 लोग झुलस गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय सैकड़ों लोग अनुष्ठान देखने के लिए नरेंद्र पुष्करिणी सरोवर के तट पर इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु आतिशबाजी कर रहे थे, तभी एक चिंगारी पटाखों के ढेर पर गिरी और उसमें धमाका हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से चार की हालत गंभीर है।मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इलाज का खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन किया जाएगा। CM पटनायक ने ट्वीट किया कि पुरी नरेंद्र पूल के पास दुर्घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुख्य प्रशासनिक सचिव और जिला प्रशासन को घायलों का उचित इलाज करवाने और व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।