CATEGORIES

February 2025
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
2425262728  
Sunday, February 23   8:58:26

देशभर में मॉनसून बना मुसीबत

देश में हिमाचल प्रदेश से लेकर केरल तक भारी बारिश हो रही है। असम के बाद अब गुजरात और महाराष्ट्र में भी बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। तेलंगाना में गोदावरी नदी ने दूसरे खतरनाक स्तर के निशान को पार कर लिया है। वाटर लेवल 50.4 फीट तक पहुंच गया है, जिससे भद्राचलम में बाढ़ आने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। कर्नाटक में भी हाई अलर्ट है।

गुजरात के दक्षिण और मध्य के 6 जिले छोटा उदेपुर, डांग, नर्मदा, वलसाड, नवसारी और पंचमहाल में बाढ़ के कारण स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा नवसारी और वलसाड जिले प्रभावित हुए हैं।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गुजरात में भारी बारिश की भी संभावना जताई है।

महाराष्ट्र में एक जून से अब तक बारिश और बाढ़ से हुए हादसों में 76 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में ही 9 लोग मारे गए हैं। महाराष्ट्र के रत्नागिरि समेत 4 जिलाें में ऑरेंज और 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उधर, असम में बाढ़ के पानी में बहने से दो लोगों की मौत हो गई।

वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल में पिछले 24 घंटे में 5 इंच पानी गिरा। पूरे प्रदेश के हालात देखें तो नर्मदापुरम में तवा डेम का जलस्तर 3 फीट तक बढ़ गया। नर्मदा के जलस्तर में भी दो से ढाई फीट की बढ़त हुई है। विदिशा में 24 घंटे में 8 इंच बारिश होने के कारण प्रशासन ने स्कूलों की छुट्‌टी कर दी है। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश छिंदवाड़ा के सौसर में हुई। यहां 9 इंच पानी गिरा है।

राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। कोटा, बारां, झालावाड़ और बूंदी में तेज बारिश के बाद प्रदेश की नदियां उफान पर हैं। चंबल में ज्यादा पानी आने से बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। पिछले 24 घंटों में बूंदी, सीकर, धौलपुर और भीलवाड़ा जिले के 5 जगहों पर 5 इंच तक बरसात रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा भीलवाड़ा जिले के जैतपुरा में 5 इंच से ज्यादा पानी बरसा।

मौसम विभाग ने रविवार को केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक केरल के चार जिले कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में अगले 24 घंटों में भारी के बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। तेलंगाना और महाराष्ट्र शनिवार से रेड अलर्ट पर हैं।