CATEGORIES

March 2025
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Monday, March 31   1:45:51

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन

23-02-2024

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 86 साल के थे। उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद यहां भर्ती कराया गया था। सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री को बुधवार को पीडी हिंदुजा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्होंने निजी चिकित्सा सुविधा में अंतिम सांस ली।

पिछले साल मई में ब्रेन हैमरेज हुआ था
इससे पहले अस्पताल ने गुरुवार को एक बयान में कहा था कि मनोहर जोशी (86) गंभीर रूप से बीमार थे। शिवसेना के दिग्गज नेता को पिछले साल मई में ब्रेन हैमरेज के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

मनोहर जोशी का सियासी सफर
मनोहर जोशी 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे और अविभाजित शिव सेना से राज्य में शीर्ष पद पर आसीन होने वाले पहले नेता थे। वह सांसद के रूप में भी चुने गए और 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष रहे, जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार सत्ता में थी।

देवेंद्र फडणवीस ने जताया दुख
इस बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूर्व सीएम मनोहर जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। मेरा उनसे व्यक्तिगत संबंध था। महाराष्ट्र के राजनीतिक-सामाजिक, शैक्षणिक क्षेत्र में उनका योगदान कभी नहीं भूला जाएगा। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

काली पट्टी पहनकर उतरेंगे मुंबई के खिलाड़ी
मनोहर जोशी मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके थे। आज के रणजी ट्रॉफी मैच में (मुंबई बनाम बड़ौदा) मनोहर जोशी को श्रद्धांजलि के तौर पर मुंबई के खिलाड़ी आज 2-2 मिनट का मौन रखने के बाद काली पट्टी पहनेंगे। एमसीए सचिव अजिंक्य नाइक ने इसकी जानकारी दी है।