CATEGORIES

February 2025
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
2425262728  
Wednesday, February 12   7:14:50

उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत

27-06-22

लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। यूपी के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। आजमगढ़ में भोजपुरी सुपरस्टार और भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जीत हासिल की। उन्होंने सपा उम्मीदवार ​​​धर्मेंद्र यादव को 8,679 वोटों से हराया। दूसरी तरफ रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को 42 हजार से भी अधिक वोटों से हरा दिया।

जीत के बाद निरहुआ ने इसे जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा-आजमगढ़वासियों आपने कमाल कर दिया है। यह आपकी जीत है। उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही जिस तरीके से आप सबने भाजपा को प्यार, समर्थन और आशीर्वाद दिया, यह उसकी जीत है। यह जीत आपके भरोसे और देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत को समर्पित है।

पंजाब के संगरूर में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने 5,822 वोटों से जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह दूसरे नंबर पर रहे, जबकि कांग्रेस के दलवीर गोल्डी तीसरे नंबर पर रहे। यहां पर अकाली दल और BJP के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है।

विधानसभा की भी सातों सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इन सीटों पर 23 जून को वोटिंग हुई थी। इसमें दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट पर आप ने जीत हासिल की है। वहीं, त्रिपुरा की 4 में से 3 सीटों पर भाजपा और 1 सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। आंध्र प्रदेश की आत्मकुर सीट पर YSR कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। झारखंड की मांडर सीट पर कांग्रेस जीती है।