CATEGORIES

July 2024
MTWTFSS
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
293031 
July 3, 2024
news brief

News Brief : 7 राज्यों में हीटवेव से 79 की मौत, 35 दिन बाद जर्मनी से भारत पहुंचे प्रज्वल रेवन्ना

News Brief : देखें आज की बड़ी खबरों पर एक नजर – 

7 राज्यों में हीटवेव से 79 की मौत

देश के 7 राज्यों में हीटवेव के कारण गुरुवार (30 मई) को 79 लोगों की मौत हुई। इनमें सबसे ज्यादा बिहार में 44 लोगों की जान गई। झारखंड में 15 की मौत हुई। ओडिशा के राउरकेला में 6 घंटे के दौरान 10 लोगों ने दम तोड़ दिया। राजस्थान में 5 लोगों की मौत हुई। छत्तीसगढ़ में 3 और उत्तर प्रदेश-दिल्ली में 1-1 की मौत हुई।अच्छी खबर यह है कि इन राज्यों में आज से हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। बिहार और झारखंड में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में देर रात गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई थी।
IMD ने शुक्रवार (31 मई) के लिए देश में कहीं भी हीटवेव का रेड अलर्ट जारी नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ अगले पांच दिन का तापमान मौजूदा तापमान से 2-4 डिग्री कम रह सकता है।
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में रात को गर्म मौसम रहेगा। गुरुवार को हरियाणा के सिरसा में देश में सबसे ज्यादा 49.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रज्वल रेवन्ना 35 दिन बाद देर रात जर्मनी से भारत पहुंचे

कर्नाटक सेक्स स्कैंडल के मुख्य आरोपी सांसद प्रज्वल रेवन्ना 35 दिन बाद गुरुवार देर रात जर्मनी से भारत पहुंचे। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के कुछ देर बाद ही SIT ने उन्हें कस्टडी में ले लिया। प्रज्वल को यहां से CID ऑफिस लाया गया, जहां उन्हें रातभर रखा गया।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रज्वल से सबसे पहले शुक्रवार को पूछताछ की जाएगी। इसके बाद उनका मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। प्रज्वल को मजिस्ट्रेट कोर्ट में भी पेश किया जाएगा। यहां पुलिस उनकी कस्टडी की मांग करेगी। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम उनका ऑडियो सैंपल भी लेगी, जिससे पता लगाया जाएगा कि वायरल सेक्स वीडियो में आ रही आवाज प्रज्वल की है या नहीं।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, प्रज्वल ने जर्मनी के म्यूनिख से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट में बिजनेस क्लास का टिकट बुक किया था। भारत आने से पहले उनकी ओर से सेशंस कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई गई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था।
प्रज्वल के खिलाफ 3 महिलाओं के उत्पीड़न के 3 मामले दर्ज हैं। वे 26 अप्रैल को लोकसभा की वोटिंग के बाद जर्मनी चले गए थे। प्रज्वल अभी हासन लोकसभा सीट से JDS के उम्मीदवार हैं।

पोर्न स्टार केस- ट्रम्प सभी 34 मामलों में दोषी करार

डोनाल्ड ट्रम्प गुरुवार को किसी अपराध के लिए दोषी ठहराए जाने वाले पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए। राष्ट्रपति चुनावों के बीच न्यूयॉर्क में लगभग 6 हफ्तों तक चली सुनवाई में उन्हें सभी 34 आरोपों में दोषी करार दिया गया है।ट्रम्प के खिलाफ पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल को पैसे देकर चुप कराने और इलेक्शन कैंपेन के दौरान बिजनेस रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के केस चल रहे थे। यह मामला उनके पहली बार अमेरिका का राष्ट्रपति चुने जाने से पहले 2016 का है। अमेरिकी इतिहास में पहली बार था, जब किसी प्रेसिडेंट पर आपराधिक केस चलाया गया।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, कोर्ट ने 6 सप्ताह में 22 गवाहों को सुना। इनमें स्टॉर्मी डेनियल्स भी शामिल थीं। दो दिनों तक विचार-विमर्श के बाद 12 मेंबर की ज्यूरी ने ट्रम्प के दोषी पाए जाने की घोषणा की। डोनाल्ड ट्रम्प को क्या सजा मिलेगी, इस पर अब 11 जुलाई को सुनवाई होगी।

पीएम मोदी का विवेकानंद रॉक पर 45 घंटे का ध्यान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल के ध्यान मंडपम में 45 घंटे का ध्यान शुरू हो चुका है। वे 1 जून तक ध्यानमग्न रहेंगे। मोदी उसी जगह ध्यान कर रहे हैं, जहां 1892 में स्वामी विवेकानंद ने ध्यान किया था।लोकसभा चुनाव प्रचार का शोर थमते ही पीएम मोदी गुरुवार (30 मई) की शाम कन्याकुमारी पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले भगवती देवी अम्मन मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
पूजा के दौरान मोदी ने सफेद मुंडु (दक्षिण भारत में लुंगी की तरह पहना जाने वाला परिधान) पहना था और शॉल ओढ़े थे। पुजारियों ने उन्हें विशेष आरती कराई और प्रसाद, शॉल और देवी भगवती अम्मन की फ्रेम में मढ़ी हुई तस्वीर दी।
मोदी तिरुवनंतपुरम से कन्याकुमारी हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे। यहां से वे ध्यान मंडपम तक उसी फेरी से पहुंचे, जिसमें सामान्य लोग जाते हैं।
जब तक मोदी ध्यान मंडपम में हैं, पूरे कन्याकुमारी में 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सिक्योरिटी के लिए तमिलनाडु पुलिस का कोस्टल सिक्योरिटी ग्रुप, कोस्ट गार्ड और नेवी भी तैनात है।

8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग कल

लोकसभा चुनाव-2024 के सातवें और अंतिम फेज में शनिवार (1 जून) को 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर वोटिंग होगी।2019 में इन सीटों में से सबसे ज्यादा भाजपा 25, TMC 9, बीजद 4, जेडीयू और अपना दल (एस) 2-2, JMM महज 1 सीट जीत सकी थी। कांग्रेस को केवल पंजाब की बदौलत 8 सीटों पर जीत मिली थी।
इस फेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 3 केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, रविशंकर प्रसाद और अनुराग ठाकुर मैदान में हैं। 4 एक्टर कंगना रनोट, रवि किशन, पवन सिंह, काजल निषाद भी चुनाव लड़ रहे हैं।
इनके अलावा ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी, अफजाल अंसारी, विक्रमादित्य सिंह भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक इलेक्शन के सातवें फेज में 904 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 809 पुरुष और 95 महिला उम्मीदवार हैं।
इस फेज में सबसे अमीर प्रत्याशी बठिंडा, पंजाब से उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल हैं। उनके पास 198 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
542 लोकसभा सीटों के लिए छठे फेज तक 485 सीटों पर मतदान हो चुका है। 1 जून को आखिरी 57 सीटों पर वोटिंग होगी।