CATEGORIES

April 2025
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Friday, April 18   10:18:55

सेंसेक्स में 24 साल में सबसे बड़ी उछाल, तो इंडेक्स 2314 अंक ऊपर बंद

01 Feb. Vadodara: सोमवार को संसद में मोदी कार्यकाल का 9वां बजट पेश किया। बजट के दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 2314.84 अंकों यानी 5% की बढ़त के साथ 48,600.61 पर बंद हुआ, तो निफ्टी भी 693 अंकों यानी 5.09% की बढ़त के साथ 14,328.00 पर बंद हुआ। बताया जा रहा है कि बजट के दिन बाजार में इतनी बड़ी तेजी आखिरी बार सन् 1997 में देखने को मिली थी, जब सेंसेक्स 6% ऊपर बंद हुआ था।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर 3,129 शेयरों में कारोबार हुआ। 1,947 शेयरों में तेजी और 981 में गिरावट रही। यानी एक्सचेंज पर 62% शेयरों में बढ़त देखने को मिली।

लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप की बात करें तो वह बढ़कर 192.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो शुक्रवार को 186.13 लाख करोड़ रुपए था। बाजार की रिकॉर्ड तेजी में बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे।

निफ्टी बैंक इंडेक्स 8.81% की बढ़त के साथ 33,257 पर बंद हुआ। यह इंडेक्स का ऑलटाइम हाई लेवल भी है। इससे पहले बाजार लगातार 6 सत्रों से गिरावट के साथ बंद हो रहा था।

गोल्ड और सिल्वर के लिए सेबी होगा रेगुलेटर

बजट में सरकार ने सोना और चांदी के इंपोर्ट को 12.5% से कम करने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, यह साफ़ नहीं किया है कि कितना कम होगा। सरकार ने दोनों कमोडिटीज के इंपोर्ट पर 2.5% एग्री इंफ्रा सेस लगाने की भी बात की है। इसके चलते टाइटन का शेयर 5.47%, मुथूट फाइनेंस का शेयर 4.48% और मणप्पुरम फाइनेंस का शेयर 5.51 की बढ़त के साथ बंद हुआ है। सरकार सिक्युरिटीज मार्केट कोड लेकर आएगी। इसमें सेबी एक्ट, गवर्मेंट सिक्युरिटीज एक्ट और डिपॉजिटरीज एक्ट को भी शामिल किया जाना है। सेबी सोने का भी रेगुलेटर होगा।

बीमा शेयरों में 9% की तेजी देखी गयी

सरकार इंश्योरेंस एक्ट,1938 में संशोधन करेगी। इसके तहत बीमा कंपनियों में FDI सीमा 49% से बढ़ाकर 74% करने का ऐलान किया गया है। इससे पहले मार्च 2016 में बीमा कंपनियों में FDI 26% से बढ़ाकर 49% किया गया था। न्यू इंडिया अश्योरेंस कंपनी का शेयर 8.94%, HDFC लाइफ का शेयर 3.14%, SBI लाइफ का शेयर 1.20% और ICICI प्रुडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का शेयर 1.90% ऊपर बंद हुआ है।

सेक्टोरल तेजी में ऑटो और रियल्टी शेयर भी आगे

इसी तरह स्क्रैपेज पॉलिसी की खबर से ऑटो शेयरों में अच्छी बढ़त दर्ज हुई है।

निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.23% ऊपर बंद हुआ है।

किफायती घर खरीदने वालों को लोन के इंटरेस्ट पेमेंट पर टैक्स डिडक्शन में 1.5 लाख रुपए की एक्स्ट्रा छूट का समय एक साल और बढ़ा है। खबर से रियल्टी शेयर दौड़ गए।

निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 6.31% ऊपर बंद हुआ है। इसमें DLF का शेयर 10.16% के ऊपर बंद हुआ है। इसी तरह मेटल और सरकारी बैंकिंग शेयरों में भी रैली देखने को मिली।

मजबूत घरेलू संकेतों का भी सहारा मिला

शेयर बाजार की शानदार रैली को अच्छे बजट के साथ-साथ मजबूत घरेलू संकेतों का भी असर देखने को मिला। भारत का मैन्युफैक्चरिंग पर्चेजिंग मैनेजिंग इंडेक्स यानी की PMI जनवरी में तीन महीने के उच्चतम स्तर 57.7 पर पहुंच गया, जो दिसंबर में 56.4 रहा था। इसके अलावा दिसंबर में जीएसटी कलेक्शन भी 1.20 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा।

गैस कंपनियों के शेयरों में भी बढ़त

वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि सरकार सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के तहत देश के 100 अन्य शहरों को जोड़ेगी। इससे इंद्रप्रस्थ गैस का शेयर 3.59% और महानगर गैस का शेयर 2.28% के ऊपर बंद हुआ है।

फिक्की के अध्यक्ष उदय शंकर ने कहा कि, ‘बुरी तरह प्रभावित अर्थव्यवस्था के बावजूद सरकार ने किसी भी तरह के नए टैक्स का ऐलान नहीं किया। यह दर्शाता है कि सरकार ने बजट में सभी सेक्टर्स का ख्याल रखा है। हालांकि, बजट में नए सेस की बात जरूर कही गई है।’

अमेरिकी बाजारों में भारी गिरावट देखी गयी

आज ग्लोबल सेंटीमेंट में काफी उतार-चढ़ाव देखे गए हैं। जापान का निक्केई 1.50% और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग 2% ऊपर बंद हुआ है। इसी तरह कोरिया का कॉस्पी इंडेक्स में 2.70% की बढ़त के साथ बंद हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल आर्डिनरीज इंडेक्स में 1% तक की बढ़त है। जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स सपाट कारोबार कर रहा है। इससे पहले अमेरिकी और यूरोपियन मार्केट में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।

तो वहीं, कल नैस्डैक, डाओ जोंस, S&P 500 इंडेक्स में 2% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए थे। इसी तरह फ्रांस का CAC, ब्रिटेन का FTSE और जर्मनी DAX इंडेक्स में भी 2% तक की गिरावट देखी गयी।