CATEGORIES

April 2025
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Thursday, April 10   2:15:56

उन्नाव मामले में बड़ा खुलासा: लड़की ने प्यार की पेशकश ठुकराई तो आरोपी ने उसे पानी में कीटनाशक दिया

20 Feb. Vadodara: उत्तर प्रदेश के उन्नाव मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। दरहसल, दलित लड़कियों की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एकतरफा प्यार के चलते ये घटना को अंजाम दिया गया था। एक आरोपी दलित लड़की को जानता था और उससे प्यार का इजहार किया था। इनकार पर आरोपी ने पानी की बोतल में कीटनाशक मिलाकर लड़की को पिला दिया। अनजाने में यही पानी बाकी दोनों लड़कियों ने भी पी लिया।

17 फरवरी को बबुरहा गांव में खेत में तीन लड़कियां संदिग्ध हालात में पायीं गयीं थीं। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। दो की मौत हो गई और एक का इलाज कानपुर में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई गयी है।

आरोपी ने हत्या को कैसे दिया अंजाम

आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि केस में मुख्य आरोपी पाठकपुरा गांव का विनय ऊर्फ लंबू है। दूसरा आरोपी नाबालिग है। पूछताछ के दौरान विनय ने जुर्म कुबूल किया। पुलिस को विनय ने बताया कि बबुरहा में उसके खेत लड़कियों के खेतों के बगल में ही थे। लॉकडाउन के दौरान एक लड़की से दोस्ती हुई। ये लड़की अपनी चचेरी बहनों के साथ खेतों पर आया करती थी। हम साथ में ही खाना-पीना करते थे। विनय ने एक लड़की से कई बार प्यार का इजहार किया, पर उसने हर बार इनकार कर दिया। मोबाइल नंबर भी मांगा था, जो कि लड़की ने नहीं दिया।

लड़की के इनकार करने के बाद विनय गुस्से में आ गया। उसने तय किया कि वो लड़की की हत्या कर देगा। ये बात विनय ने अपने एक साथी को भी बताई और साजिश को अंजाम देने को तैया हो गया। वो घटना के दिन घर से पानी की बोतल लेकर आया था, जिसमें कीटनाशक मिला हुआ था। अपने साथी के साथ वो नमकीन लेकर खेत पर पहुंचा, यहां तीनों लड़कियां पहले से ही थीं। विनय ने कहा कि उसने तीनों लड़कियों को नमकीन दी। जब लड़कियों ने पानी मांगा तो उन्हें बोतल थमा दी। विनय ने बताया कि एक के बाद एक तीनों ने यही पानी पी लिया। हम लोग उन्हें मना नहीं कर पाए।

इसके बाद जब जांच शुरू हुई तो जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बोतल और चिप्स का पैकेट जब्त किया था। इसकी जांच की गयी। घटना के दिन दो युवकों को खेतों से भागते हुए देखा गया था। इसके बाद उनकी तलाश की गई। सर्विलांस और स्वाट टीमें भी जांच में लगाई गईं। एक मुखबिर ने सूचना दी। इसके बाद पाठकपुरा गांव से आरोपी विनय और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।

परिवार ने 18 घंटे बाद शिकायत दर्ज कराई

इस मामले में लड़कियों के परिवार ने 18 घंटे बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में दुष्कर्म और ऑनर किलिंग का एंगल पर भी जांच की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पॉइजनिंग की पुष्टि हुई थी। हालांकि, किसी तरह की चोट या सैक्सुअल हैरेसमेंट के निशान नहीं मिले हैं। इस घटना से गांव में काफी आक्रोश देखने को मिला। शुरुआत में पुलिस का रवैया भी गांव वालों के गुस्से की वजह बना। पुलिस रात में ही लड़कियों का अंतिम संस्कार करना चाहती थी, लेकिन ग्रामीणों और राजनीतिक दलों ने इसका विरोध किया। तब पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।