चांद पर सफलतापूर्वक पहुंच गए चंद्रयान-3 ने चांद पर जांच शुरू कर दी है, इस दौरान चंद्रयान 3 ने वहां से वीडियो भी भेजा है, जिसमें चांद का माहौल कैद किया गया है। ISRO ने चंद्रयान की लैंडिंग से ठीक पहले का वीडियो जारी किया है।
यह वीडियो चंद्रयान-3 ने भेजा है। इसमें चांद का खूबसूरत नजारा दिख रहा है। 2 मिनट 17 सेकेंड के इस वीडियो में चांद की सतह पर शुरुआत में लहरों जैसा नजारा दिखा, पास पहुंचते ही वहां गड्ढे नजर आए। इससे पहले, चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद छह पहियों और 26 किलो वाले प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा की सतह पर घूमना शुरू कर दिया।
लैंडिंग के करीब 14 घंटे बाद गुरुवार सुबह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने रोवर के बाहर आने की पुष्टि की। जबकि INSPACE चेयरमैन पवन के गोएनका ने प्रज्ञान रोवर की रैंप से बाहर निकलते हुए तस्वीर शेयर की थी। चांद की सतह पर आते ही रोवर ने सबसे पहले अपने सोलर पैनल खोले। ये 1 सेमी/सेकेंड की गति से चलता है और अपने आस-पास की चीजों को स्कैन करने के लिए नेविगेशन कैमरों का इस्तेमाल कर रहा है।
रोवर अगले 12 दिनों में करीब आधा किलोमीटर का सफर तय करेगा। इसमें दो पेलोड लगे हैं जो पानी और अन्य कीमती धातुओं की खोज में मदद करेंगे। अगले 12 दिनों के दौरान रोवर डेटा जमा करेगा और इसे लैंडर को भेजेगा। लैंडर इस डेटा को पृथ्वी तक पहुंचाएगा। डेटा पहुंचाने में चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर की भी मदद ली जाएगी।
चंद्रयान-3 को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था। इसे चांद की सतह पर लैंड करने में 41 दिन लगे। लैंडर बुधवार शाम 6:04 बजे चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा था। ISRO ने इस पर कहा है कि रोवर प्रज्ञान की सभी एक्टिविटीज तय समय पर हो रही हैं। पूरा सिस्टम नॉर्मल है। लैंडर मॉड्यूल पेलोड ILSA, RAMBHA और ChaSTE चालू हो गए हैं। रोवर चलने लगा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बेंगलुरु में ISRO के वैज्ञानिकों से मिलकर उन्हें चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की बधाई देंगे।

More Stories
वक्फ कानून पर संग्राम ; सुप्रीम कोर्ट की सख्त चेतावनी और मुस्लिम समाज की नाराज़गी, लेकिन क्या समाधान की कोई राह है?
अयोध्या में राम मंदिर की नई शोभा : संत तुलसीदास की प्रतिमा से सजा श्रीराम जन्मभूमि परिसर
भारतीय रेलवे में पहली बार: पंचवटी एक्सप्रेस में शुरू हुआ ऑनबोर्ड ATM सेवा का परीक्षण